सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
बॉलीवुड

नखरेवाली’ के बाद प्रगति श्रीवास्तव के हाथ लगे दो बड़े प्रोजेक्ट

वेदांग रैना और नौमिका सरन के साथ आएंगी नजर 2027 में दो फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी अभिनेत्री, पंजाबी निर्देशक जगदीप सिद्धू के साथ काम करने का अनुभव भी किया साझा

Akbar KhanMaharashtra Samachar
2 मिनट पढ़ें

आनंद एल राय की फिल्म ‘नखरेवाली’ से दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री प्रगति श्रीवास्तव अब अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में अपने अभिनय से पहचान बनाने के बाद प्रगति ने साल 2027 के लिए दो दिलचस्प फिल्में अपने नाम कर ली हैं। इनमें ‘जनादेश’ के अलावा एक अनटाइटल्ड कॉमेडी थ्रिलर फिल्म शामिल है, जिसमें वह वेदांग रैना और नौमिका सरन के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।

मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस कॉमेडी थ्रिलर में प्रगति को वेदांग रैना की लव इंटरेस्ट में से एक के रूप में देखे जाने की संभावना है। वेदांग के साथ काम करने के अनुभव को लेकर अभिनेत्री ने कहा, "वेदांग के साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव है। वह एक बेहद प्यारे इंसान हैं।"

इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसके जरिए पंजाबी सिनेमा के मशहूर निर्देशक जगदीप सिद्धू बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। उनके साथ काम करना प्रगति के लिए एक नया और दिलचस्प अनुभव रहा। अभिनेत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के दौरान उन्हें भाषा और भावनाओं के बीच के गहरे संबंध को करीब से समझने का मौका मिला।

जगदीप सिद्धू के निर्देशन के अंदाज पर बात करते हुए प्रगति ने बताया कि निर्देशक पंजाबी भाषा में सोचते हैं और उसी अंदाज में भावनाओं को पर्दे पर उतारना पसंद करते हैं। कई बार किसी भाषा से दूसरी भाषा में संवादों का अनुवाद करने पर उनका असली भाव बदल जाता है।

अभिनेत्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "जगदीप सर ने कई पंजाबी फिल्मों का निर्देशन किया है। मैं देख सकती थी कि वह पंजाबी में किस तरह सोचते हैं और भावनाओं को किस खास अंदाज में व्यक्त करना चाहते हैं। जब किसी चीज का अनुवाद किया जाता है, तो उसका मूल भाव बदल जाता है। फिल्म की स्क्रिप्ट में हिंदी संवाद अंग्रेजी में लिखे होते थे और उन्हें पढ़ने पर उनका अंदाज कुछ अलग लगता था। लेकिन जब जगदीप सर हमें बताते थे कि उन संवादों को किस तरह बोलना है, तो उनका अर्थ और भाव पूरी तरह बदल जाता था।"

फिलहाल प्रगति श्रीवास्तव की आने वाली दोनों फिल्मों को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन 2027 में उनकी दो अलग-अलग फिल्मों में मौजूदगी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘नखरेवाली’ के बाद प्रगति अपनी नई फिल्मों के जरिए दर्शकों पर कितना प्रभाव छोड़ पाती हैं।

विषयMumbai
साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक