सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने
मुंबई / अकबर खान

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार धमकी भरे ऑडियो संदेश में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में आवाज वास्तव में जीशान अख्तर की है या फिर कोई व्यक्ति उसकी पहचान का इस्तेमाल कर फिल्मी हस्तियों को डराने की कोशिश कर रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं ऑडियो के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से प्रसारित की गई है और ऑडियो में बोलने वाला व्यक्ति खुद को जीशान अख्तर बता रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक धमकी की प्रामाणिकता या इसके पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, इस धमकी को सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर से जुड़े हालिया पेंडेंट विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी संभावित मकसद को लेकर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की बांद्रा में उनके बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में जीशान अख्तर का नाम सामने आया था। उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा कथित हैंडलर बताया गया है और उसके विदेश भागने की आशंका जताई गई थी।
इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को ऑडियो के जरिए धमकी देने के आरोप में 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। वह आईआईटी से पढ़ा हुआ बेंगलुरु का आईटी प्रोफेशनल बताया गया है। जांच में सामने आया था कि उसका किसी संगठित गैंग से संबंध नहीं था और उसने कथित तौर पर AI की मदद से गैंग के सदस्यों की आवाज की नकल कर धमकी भरे ऑडियो तैयार किए थे।
फिलहाल मुंबई पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता, आवाज की पहचान और धमकी के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
अन्य भाषा में: मराठी
अनुभवी पत्रकार और लेखक
