पश्चिम रेलवे चलाएगी दो स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष किराये पर होगा संचालन
मुंबई / अकबर खान

मुंबई। यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने दो विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें विशेष किराये पर चलाई जाएंगी। इस पहल से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से खातीपुरा और दूसरी ट्रेन उधना से बरौनी के बीच संचालित की जाएगी।
बांद्रा टर्मिनस–खातीपुरा स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09718 बांद्रा टर्मिनस–खातीपुरा स्पेशल 12 नवंबर 2026 को शाम 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:05 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09717 खातीपुरा–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3:15 बजे खातीपुरा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
यह ट्रेन बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
उधना–बरौनी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09039 उधना–बरौनी स्पेशल 10 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे उधना से रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09040 बरौनी–उधना स्पेशल 12 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे बरौनी से रवाना होकर शनिवार को रात 1:30 बजे उधना पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव चलथान, बारडोली, नंदुरबार, दोंडाईचा, अमलनेर, धरणगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर स्टेशनों पर होगा।
दोनों ट्रेनों में मिलेंगी विभिन्न श्रेणियों की सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों ट्रेनों में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।
ट्रेन संख्या 09039 और 09718 की बुकिंग क्रमशः 8 नवंबर और 9 नवंबर 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।
यात्री ट्रेनों के समय, ठहराव और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अन्य भाषा में: मराठी
अनुभवी पत्रकार और लेखक
