इंदिरा नगर SRA पुनर्वसन योजना 22 वर्षों से न्याय की आस
झोपड़ीधारक परिवारों का मुंबई के आज़ाद मैदान मे आंदोलन मुंबई / अकबर खान
मुंबई : मुंबई के जोगेश्वरी पश्चिम इंदिरा नगर एस.आर.ए. सहकारी गृहनिर्माण संस्था (मर्यादित), जोगेश्वरी की पुनर्वसन योजना में पिछले 22 वर्षों से कथित अन्याय का सामना कर रहे वही जागृत रहिवाशी इंदिरानगर जोगेश्वरी एस.आर.ए. सहकारी गृहनिर्माण संस्था के झोपड़ीधारकों ने अब न्याय की मांग को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। अपनी विभिन्न मांगों और शिकायतों को लेकर प्रभावित झोपड़ीधारक परिवार सोमवार, 23 नवंबर 2026 से मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन पर बैठ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पुनर्वसन योजना में कथित अनियमितताओं के चलते 5 फरवरी 2021 को शिखर शिकायत निवारण समिति ने तत्कालीन विकासक को निष्कासित कर दिया था। इसके बाद 21 मार्च 2021 को नए विकासक के चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई।
हालांकि, झोपड़ीधारकों का आरोप है कि नए विकासक के चयन की प्रक्रिया शुरू से ही विवादों में रही है। इस प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर आपत्तियां और शिकायतें प्रशासन के समक्ष दर्ज कराई गईं। आरोप है कि पहले निष्कासित किए गए विकासक को ही नाम में बदलाव करके दोबारा नए विकासक के रूप में नियुक्त कर दिया गया। इससे पूरी चयन प्रक्रिया की कानूनी वैधता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
झोपड़ीधारकों ने इस पूरे मामले में SRA के संबंधित अधिकारियों, संस्था के प्रमुख पदाधिकारियों और विकासक की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से वे विकासक चयन प्रक्रिया के खिलाफ लगातार शिकायतें, लिखित आवेदन और आपत्तियां प्रशासन को दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गौरतलब है कि यह पुनर्वसन योजना वर्ष 2004 में शुरू हुई थी। करीब 22 वर्ष बीत जाने के बावजूद योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी है। झोपड़ीधारकों का आरोप है कि जहां संस्था के सभी कार्यकारिणी सदस्य पिछले 16 वर्षों से पुनर्वसन इमारतों में रह रहे हैं, वहीं वास्तविक झोपड़ीधारक परिवार आज भी अनेक समस्याओं, मानसिक परेशानी और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों का कहना है कि यह मामला केवल विकासक की नियुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बड़े आर्थिक अनियमितताओं की आशंका भी है। यह मामला सैकड़ों गरीब और सामान्य झोपड़ीधारक परिवारों के पक्के घर, उनके बच्चों के भविष्य और सम्मानजनक जीवन के अधिकार से जुड़ा हुआ है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग
झोपड़ीधारकों ने शासन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, विकासक चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई करने और वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को उनका हक दिलाने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि 22 वर्षों से लंबित इस पुनर्वसन योजना के मामले में प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है और प्रभावित गरीब परिवारों को उनका हक कब मिलता है।
अनुभवी पत्रकार और लेखक



