सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

पंकज तिवारी ने मुंबई सेंट्रल मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक का संभाला कार्यभार

मुंबई l अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
1 मिनट पढ़ें

मुंबई: भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) के 2017 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री पंकज तिवारी ने पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया है।

श्री तिवारी ने अपने रेल सेवा करियर की शुरुआत मध्य रेल के मुंबई मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक के रूप में की थी। इसके बाद मई 2021 में उन्होंने पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अपनी सेवाएं देना शुरू किया। यहां उन्होंने कोचिंग परिचालन, माल परिचालन और यातायात संरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक अनुभव हासिल किया।

अहमदाबाद मंडल में अपने कार्यकाल के दौरान श्री तिवारी ने माल परिचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में उनके नेतृत्व में मंडल ने पहली बार 50 मिलियन टन लदान का आंकड़ा पार करते हुए अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इसके बाद सुनियोजित रणनीति और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी मंडल ने 50 मिलियन टन से अधिक लदान का ऐतिहासिक कीर्तिमान दोहराया।

इसके अलावा, उनके पर्यवेक्षण में बुनियादी ढांचे के विकास और परिचालन क्षमता बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए। इनमें एनएचएसआरसीएल, आरएलडीए, दोहरीकरण, विद्युतीकरण तथा अन्य नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए ब्लॉक की योजना और उनका सफल क्रियान्वयन प्रमुख रूप से शामिल रहा।

श्री पंकज तिवारी के पास परिचालन क्षेत्र का व्यापक अनुभव और उत्कृष्ट कार्य रिकॉर्ड है। उनके मुंबई सेंट्रल मंडल में कार्यभार संभालने से परिचालन दक्षता, रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

विषयMumbai
साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक