सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

450 करोड़ की लागत से बनेगा विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सालय

सुपा में 5 से 13 दिसंबर तक मोरारी बापू की श्रीराम कथा पूर्णा नदी के तट पर सजेगा भक्ति और नेत्रसेवा का अनूठा संगम, देश के एक करोड़ दृष्टिबाधित जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने का लक्ष्य मुंबई / अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
3 मिनट पढ़ें

मुंबई : सुपा (जिला नवसारी)। दृष्टिबाधित जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने के पवित्र उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट, सुपा द्वारा 5 से 13 दिसंबर 2026 तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसकी जानकारी स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट द्वारा मुंबई प्रेस क्लब मे डॉ. भावी पटेल, व डॉ. भावीण भुवा ने पत्रकारों को दी l पूर्णा नदी के पावन तट पर स्थित स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर परिसर, सुपा ग्राम (गुरुकुल), जिला नवसारी में विश्ववंदनीय संत परम पूज्य मोरारी बापू के श्रीमुख से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पश्चिम भारत के विश्वस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी नेत्र चिकित्सालय के सेवा कार्यों को समर्पित करना है। कथा के निमित्तमात्र मनोरथी अमेरिका निवासी श्री जगदीशभाई पटेल एवं श्री महेशभाई पटेल रहेंगे।

सत्य, प्रेम और करुणा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाले पूज्य मोरारी बापू ने मई 1966 में गुजरात के गांठिला (जिला जूनागढ़) से अपनी प्रथम नवाह्न रामकथा प्रारंभ की थी। इसके बाद भारत सहित अमेरिका, इंग्लैंड, कैलाश-मानसरोवर और न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय सहित विश्व के विभिन्न स्थानों पर 980 से अधिक रामकथाएं कर चुके हैं। सुपा की पावन धरती पर आयोजित यह रामकथा आध्यात्मिकता के साथ मानवसेवा और नेत्रसेवा का भी प्रेरणादायी संदेश देगी।

450 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सालय

स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट द्वारा निर्मित किए जा रहे इस विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सालय की प्रथम यूनिट पर लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस यूनिट में 21 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिवर्ष 1 लाख 20 हजार निःशुल्क एवं रियायती नेत्र ऑपरेशन करने की क्षमता होगी।

इसके अतिरिक्त दृष्टिबाधित बच्चों के लिए विशेष उपचार सुविधाएं, नेत्र एवं ऑप्टोमेट्री नर्सिंग कॉलेज, प्रज्ञाचक्षु विद्यालय तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र भी विकसित किए जाएंगे। संस्थान का व्यापक संकल्प देश के एक करोड़ दृष्टिबाधित जरूरतमंद लोगों तक नेत्रसेवा पहुंचाना है। इसके लिए 108 यूनिट्स के माध्यम से 'घर-घर दृष्टि' अभियान को आगे बढ़ाने की योजना है।

अब तक हजारों लोगों को मिली नई रोशनी

अक्टूबर 2022 से अगस्त 2026 तक संस्थान ने अपनी 'घर-घर दृष्टि' सेवायात्रा के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इस दौरान 1,991 से अधिक नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 1,91,333 से अधिक मरीजों की जांच की गई। अस्पताल में 1,77,674 से अधिक नेत्र रोगियों का निदान किया गया तथा 51,376 निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए।

नवजात शिशुओं में रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (ROP) के तहत 33,944 जांच, 1,014 लेजर उपचार और 164 सर्जरी की गईं। इसके अलावा 13,085 वयस्कों और 2,693 बच्चों को चश्मे वितरित किए गए। कुल 394 स्कूलों में बच्चों की नेत्र जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं। मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन-पोषण सेवा के माध्यम से 10,000 लोगों को लाभान्वित किया गया।

संस्थान ने वर्ष 2026-27 के लिए 926 से अधिक नेत्र जांच शिविर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सभी रामकथा प्रेमियों को भावपूर्ण आमंत्रण

स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं, रामकथा प्रेमियों एवं समाजसेवियों को इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया गया है। कथा श्रवण के साथ कथा के उपरांत भोजन-प्रसाद की व्यवस्था भी संस्थान की ओर से की जाएगी।

यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में दृष्टि, आशा और आत्मनिर्भरता का प्रकाश फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सेवा-संकल्प है। भक्ति और मानवसेवा के इस दिव्य संगम से समाज में नेत्रदान, नेत्र उपचार और अंधत्वमुक्त भारत के संकल्प को नई प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

विषयMumbai
साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक