क्रॉफर्ड मार्केट की सफाई और सुरक्षा पर जोर, महापौर रितु तावड़े ने दिए सुधार के निर्देश
मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने क्रॉफर्ड मार्केट का निरीक्षण किया। सफाई, सुरक्षा, अतिक्रमण, शौचालय और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

मुंबई: दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक महात्मा ज्योतिबा फुले मंडई, जिसे क्रॉफर्ड मार्केट के नाम से भी जाना जाता है, में सफाई, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को मंडई और आसपास के परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
यह मंडई मुंबई की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना जरूरी है।
पानी, बिजली और सफाई व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान महापौर रितु तावड़े ने मंडई में पानी की आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सार्वजनिक सफाई, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़ी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लिया जाए और उनका जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पानी और बिजली जैसी जरूरी सुविधाओं की नियमित जांच की जाए, ताकि इनके संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।
अतिक्रमण पर नियमों के अनुसार कार्रवाई
महापौर ने मंडई की ऐतिहासिक इमारत और आसपास के परिसर में होने वाले अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान इस ऐतिहासिक स्थल के महत्व और उसकी पहचान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
शौचालय और गंदे पानी की समस्या दूर करने पर जोर
मंडई की नई विकसित हो रही इमारत और परिसर में जैविक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार करने को भी कहा गया है। इसके साथ ही गंदे पानी की निकासी वाली नालियों की नियमित सफाई करने और परिसर के विकास के दौरान जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।
पुरानी प्याऊ और फव्वारे का संरक्षण
महापौर रितु तावड़े ने मंडई की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े पुराने प्याऊ और फव्वारे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुरानी प्याऊ का संरक्षण करने और उसे दोबारा उपयोगी बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।मंडई परिसर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए निगरानी कैमरे लगाने को भी कहा गया।
व्यापारियों की समस्याएं भी सुनीं
निरीक्षण के दौरान महात्मा फुले मंडई दुकानदार सेवा संस्था की ओर से सौंपा गया निवेदन स्वीकार करते हुए महापौर ने व्यापारियों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस मौके पर सी और डी विभाग के अध्यक्ष आकाश राज पुरोहित, नगरसेविका हर्षिता नार्वेकर, नामित नगरसेवक अधिवक्ता कमलाकर दलवी, ए विभाग के सहायक आयुक्त उज्ज्वल इंगोले और बाजार विभाग के सहायक आयुक्त नितिन शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। महापौर रितु तावड़े ने दुकानदारों और कारोबारियों से भी अपील की कि वे परिसर को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और रखरखाव तथा मरम्मत के काम में सहयोग करें।
अनुभवी पत्रकार और लेखक
