घर चमकाने के बहाने तिजोरी साफ: मुंबई में ऑनलाइन क्लीनर गिरोह ने की ₹12 लाख की चोरी
मुंबई के मलाड में ऑनलाइन ऐप से बुलाए गए सफाईकर्मियों ने घर से 12 लाख रुपये के गहने चुराए। पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित तीन लोगों को पकड़ा।

मुंबई: त्योहारों के दिनों में अगर आप भी अपने घर की साफ-सफाई के लिए किसी ऑनलाइन ऐप या इंटरनेट कंपनी से सफाईकर्मी बुला रहे हैं, तो बहुत सावधान रहने की जरूरत है। मुंबई में इस समय सफाई करने वालों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय हुआ है जो घर चमकाने के बहाने लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहा है। मलाड इलाके की एक आलीशान सोसाइटी में रहने वाले परिवार को ऐप से सफाईकर्मी बुलाना बेहद भारी पड़ गया। घर की सफाई करने आए चार लड़कों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत मिलने के बाद मलाड पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गिरोह के मुखिया सहित तीन लोगों को दबोच लिया है।
कमरा बंद कर दिया वारदात को अंजाम
यह घटना 26 अक्टूबर की है। मलाड वेस्ट के पॉश 'फाल्कन टावर' में रहने वाली 52 वर्षीय महिला ने त्योहार की वजह से एक दिन पहले इंटरनेट के माध्यम से घर की सफाई की बुकिंग की थी। अगली सुबह लगभग 10 बजे चार सफाईकर्मी घर पहुंचे। उन्होंने मुख्य बेडरूम में कीटनाशक दवा छिड़कने की बात कही और घर के लोगों से कहा कि इसकी बदबू बहुत तेज है, इसलिए आप लोग बाहर ही रहें। इसके बाद आरोपियों ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया। मौका मिलते ही उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे 50 ग्राम सोने का हार, 10 ग्राम मंगलसूत्र, 50 ग्राम सोने का बिस्कुट और आधा किलो चांदी के सिक्के निकाल लिए।
वड़ा पाव लाने के बहाने पार किया माल
चोरी के गहनों को तुरंत ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने एक सोची-समझी चाल चली। काम शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद, एक सफाईकर्मी वड़ा पाव खरीदने के बहाने घर से बाहर निकला। उसने कमरे से चुराए गए सारे गहने सोसाइटी के बाहर खड़े अपने एक अन्य साथी को थमा दिए। इसके बाद बाकी बचे आरोपी काम अधूरा छोड़कर अगले दिन आने का वादा करते हुए दोपहर को वहां से चले गए। दो दिन बाद जब परिवार ने अलमारी खोली, तब जाकर इस बड़ी चोरी का पता चला।
आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड
शिकायत मिलते ही मलाड पुलिस की जांच टीम ने जाल बिछाया और कुछ ही समय बाद मुख्य आरोपी पवन धीवर, सत्यम शुक्ला और अनीश चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि गिरोह का मुखिया पवन धीवर पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है और यह पूरा गुट पिछले चार-पांच महीनों से इस ऑनलाइन कंपनी में काम कर रहा था। पुलिस ने इनके पास से चोरी का करीब 11 तोला सोना बरामद कर लिया है, जबकि चांदी और बाकी गहनों की तलाश के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
कंपनियों की जिम्मेदारी और आपके अधिकार
इस वारदात ने घर बैठे सेवा देने वाली इंटरनेट कंपनियों के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। नियमों के मुताबिक, ऐसी सभी कंपनियों के लिए अपने कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना कानूनी रूप से अनिवार्य है। जानकारों का कहना है कि अगर कंपनियां बिना जांच-पड़ताल किए किसी अपराधी को आपके घर के अंदर तक भेज रही हैं, तो लापरवाही बरतने के लिए इन कंपनियों के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत और उपभोक्ता अदालत में हर्जाने का मामला दर्ज कराया जा सकता है।
बचाव के लिए जरूरी बातें
• पहचान पत्र जरूर जांचें: घर में आने वाले हर कर्मचारी का आधार कार्ड और कंपनी की प्रोफाइल पर दी गई तस्वीर का मिलान जरूर करें।
• अकेला न छोड़ें: जब कर्मचारी घर के अंदर काम कर रहे हों, तो परिवार का कोई न कोई सदस्य उनके साथ जरूर रहे। दवा छिड़कने या किसी भी बहाने से उन्हें कमरे में अकेले बंद न होने दें।
• सुरक्षा गार्ड को निर्देश: अपनी सोसाइटी के गार्ड से कहें कि वे आने वाले हर बाहरी कर्मचारी का सामान और उनकी तस्वीर रजिस्टर में जरूर दर्ज करें।
• कीमती सामान पहले हटाएं: सफाई का काम शुरू होने से पहले ही अपने गहने और नकदी को किसी सुरक्षित जगह या लॉकर में रख दें, जहां सफाई नहीं होनी है।
पकड़े गए तीनों आरोपी इस समय पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस गिरोह ने मुंबई के और कितने घरों में इस तरह से चोरियों को अंजाम दिया है।
अन्य भाषा में: मराठी
अनुभवी पत्रकार और लेखक
