सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

दहिसर के पाटीलवाड़ी इलाके में सड़क चौड़ीकरण की राह में बाधा बन रहे 19 निर्माण ध्वस्त

बीएमसी के आर-उत्तर विभाग ने सड़क को कराया अतिक्रमण मुक्त, 70 मीटर लंबी और 18.30 मीटर चौड़ी सड़क का रास्ता साफ मुंबई / अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
1 मिनट पढ़ें

मुंबई: सड़कों पर यातायात की बाधाओं को दूर कर आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में ‘पैदल यात्री प्रथम’ (Pedestrian First) अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पश्चिम उपनगर के दहिसर स्थित आर-उत्तर विभाग के पाटीलवाड़ी इलाके में प्रस्तावित विकास योजना (DP) के सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे 19 निर्माणों को बुधवार, 18 नवंबर 2026 को ध्वस्त कर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद करीब 70 मीटर लंबी और 18.30 मीटर चौड़ी सड़क का रास्ता साफ हो गया है। गौरतलब है कि इस स्थान पर पहले सड़क की चौड़ाई महज 4 मीटर थी।

सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को हटाए जाने से लोकनेते गोपीनाथ मुंडे उद्यान के पास होने वाली यातायात की समस्या कम होने की उम्मीद है। इसके अलावा मंडपेश्वर गुफाओं, जेबीसीएन स्कूल, दहिसर गांवठाण और मेरी इमैक्युलेट स्कूल के आसपास भी यातायात सुचारू होने में मदद मिलेगी।

इस कार्रवाई के लिए बीएमसी की ओर से 1 जेसीबी, 2 डंपर, 5 इंजीनियर और 16 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

उपायुक्त (परिमंडल-7) श्री मनीष वळंजू और आर-उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त श्री रोहित त्रिवेदी के मार्गदर्शन में यह निष्कासन अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। आर-उत्तर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

वहीं, खाली कराई गई सड़क पर तत्काल सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क बनाने और उसे जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश सड़क विभाग को दिए गए हैं।

विषयMumbai

अन्य भाषा में: मराठी

साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक