सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

दिव्यांग बच्चों के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनाई दिवाली

बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का दिया भरोसा ठाणे / संवाददाता

Akbar KhanMaharashtra Samachar
2 मिनट पढ़ें

ठाणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे ने दिवाली पाड़वा का पर्व ठाणे स्थित दिव्यांग कला केंद्र के विशेष बच्चों के साथ बड़े ही आत्मीयता और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर बच्चों के साथ बिताए गए खुशनुमा पलों को याद करते हुए शिंदे ने कहा कि बच्चों के चेहरे की मासूम मुस्कान, उनकी बातें और उनके साथ बिताया गया समय उनके लिए बेहद आनंददायक और यादगार रहा।

ठाणे के नौपाड़ा स्थित दिव्यांग कला केंद्र के बच्चे विशेष रूप से एकनाथ शिंदे से मिलने उनके निवास स्थान पर पहुंचे थे। शिंदे ने सभी बच्चों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें दिवाली का फराल (पारंपरिक पकवान) एवं मिठाइयां वितरित कीं। इस दौरान बच्चों ने सुंदर गीत प्रस्तुत किए और उनके साथ हंसी-खुशी दिवाली का त्योहार मनाया।

इस खास मुलाकात के दौरान बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई एक सुंदर पेंटिंग भी एकनाथ शिंदे को भेंट की। इतना ही नहीं, सभी बच्चों ने मिलकर श्री स्वामी समर्थ की सामूहिक प्रार्थना की और एकनाथ शिंदे सहित सभी नागरिकों के सुख, शांति और कल्याण की कामना की। बच्चों के इस निश्छल प्रेम और शुभकामनाओं से पूरा माहौल भावुक और आनंदमय हो गया।

बच्चों की कला, प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए शिंदे ने कहा कि इन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक से अधिक अवसर मिलने चाहिए। उनके हुनर को प्रोत्साहन देने और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

गौरतलब है कि ठाणे में शुरू किए गए दिव्यांग कला केंद्र के लिए एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री रहते हुए निधि मंजूर की थी। यह महाराष्ट्र का पहला और एकमात्र ऐसा केंद्र बनने जा रहा है, जहां राज्यभर के दिव्यांग बच्चों की कलात्मक प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर एकनाथ शिंदे ने केंद्र के लिए आवश्यक शिक्षकों, कर्मचारियों, मानव संसाधन और अन्य रखरखाव संबंधी खर्चों के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस केंद्र की पहचान हमेशा 'दिव्यांग कला केंद्र' के नाम से ही बनी रहेगी।

इस अवसर पर केंद्र के प्रमुख एवं शिवसेना नौपाड़ा विभाग प्रमुख किरण नाकती, केंद्र की संचालिका संध्या किरण नाकती तथा अन्य सहयोगी उपस्थित थे।

साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक