पश्चिम रेलवे द्वारा डीएलसी अभियान के माध्यम से पेंशनभोगियों की सहायता के प्रयास तेज
डीएलसी अभियान 5.0 के तहत पश्चिम रेलवे द्वारा 2,000 से अधिक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का कार्य पूरा मुंबई / अकबर खान

मुंबई / पश्चिम रेलवे द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभियान 5.0 केकार्यान्वयन में निरंतर महत्वपूर्ण प्रगति की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को सुविधाजनक तरीके से अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में सहायता प्रदान करना है। पश्चिम रेलवे ने अपने 6 मंडलों एवं 5 कारखानों के समन्वित प्रयासों से 6 नवंबर, 2026 तक कुल 2,023 डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सफलतापूर्वक जमा किए गए हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस पहल के अंतर्गत सहायक वित्त सलाहकार (वर्क्स एवं स्टोर्स), लोअर परेल के कार्यालय द्वारा 5 नवंबर, 2026 को वलसाड के धरमपुर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में एक विशेष सुविधा अभियान आयोजित किया गया।
इस अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने बैंक शाखा में ही पेंशनभोगियों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में सफलतापूर्वक सहायता की। बैंक शाखा में आने वाले पेंशनभोगियों को डीएलसी 5.0 अभियान तथा इसके लाभों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, चर्चगेट मुख्यालय, विरार स्टेशन, वडोदरा मंडल के साथ-साथ भावनगर परा एवं दाहोद कारखानों में भी विशेष अभियान आयोजित किए गए।
पश्चिम रेलवे अपने मंडलों एवं कारखानों के समन्वित प्रयासों से यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि पेंशनभोगियों को उनके डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में सभी आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं प्राप्त हों। यह पहल पेंशनभोगियों के कल्याण एवं सुविधा के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अनुभवी पत्रकार और लेखक
