प्रदूषण और अल नीनो की चुनौती से निपटने के लिए BMC लेगी C40 Cities की मदद, महापौर रितू तावड़े ने मांगा आधुनिक तकनीक का सहयोग
मुंबई की बढ़ती आबादी, गर्मी और निर्माण मलबे के प्रबंधन पर होगा विशेष अध्ययन; C40 Cities की उपाध्यक्ष बन सकती हैं महापौर मुंबई / अकबर खान
मुंबई, । मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण, भीषण गर्मी और अल नीनो के संभावित प्रभावों से निपटने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) अंतरराष्ट्रीय संस्था C40 Cities का सहयोग लेगी। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने संस्था से शहर की मौजूदा और भविष्य की चुनौतियों का विस्तृत अध्ययन कर आधुनिक तकनीक के आधार पर प्रभावी समाधान सुझाने की अपील की है।
सोमवार को C40 Cities के कार्यकारी निदेशक मार्क वॉट्स ने महापौर रितू राजेश तावड़े से मुलाकात की। इस बैठक में मुंबई के पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, बुनियादी सुविधाओं और भविष्य के विकास की योजनाओं पर चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि मुंबई में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इसके चलते निर्माण मलबे की मात्रा बढ़ रही है और मौजूदा सुविधाओं पर दबाव पड़ रहा है। ऊंची इमारतों के पुनर्विकास के कारण शहर की आबादी और परिवारों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मुंबई की जनसंख्या क्षमता, बुनियादी सुविधाओं और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी है।
2,200 किलोमीटर सड़कों के निर्माण में जल संरक्षण पर जोर
महापौर रितू तावड़े ने बताया कि मुंबई में करीब 2,200 किलोमीटर लंबाई की सीमेंट-कंक्रीट सड़कें विकसित की जा रही हैं। सड़क निर्माण के दौरान बारिश के पानी को जमीन में समाने देने के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऊंची इमारतों के भूमिगत पार्किंग स्थलों में भी बारिश के पानी की निकासी और जल संरक्षण की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। C40 Cities इन समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक और प्रभावी सुझाव दे।
अहमदाबाद की तर्ज पर मुंबई में भी लागू होगी तकनीक
C40 Cities के कार्यकारी निदेशक मार्क वॉट्स ने बताया कि अहमदाबाद में गर्मी की लहरों से पहले चेतावनी देने वाली आधुनिक तकनीक संस्था के सहयोग से लागू की गई है।
उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि वे अल नीनो के संभावित प्रभाव और मुंबई की जलवायु संबंधी चुनौतियों को C40 Cities के वैश्विक मंच पर रखें। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुंबई की जरूरतों के अनुसार आधुनिक तकनीक लागू करने में संस्था सहयोग करेगी।
C40 Cities की उपाध्यक्ष बनने का मिला प्रस्ताव
बैठक के दौरान मार्क वॉट्स ने महापौर रितू तावड़े को C40 Cities की संचालन समिति का उपाध्यक्ष बनने और दक्षिण एवं पश्चिम एशिया का नेतृत्व करने का प्रस्ताव दिया।
महापौर ने कहा कि मुंबई एक विश्वस्तरीय महानगर है। इसके भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक विकास योजनाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है।
इस बैठक में उपायुक्त (पर्यावरण) अविनाश काटे, C40 Cities की प्रबंध निदेशक श्रुति नारायण, क्षेत्रीय निदेशक नाईक केरूवाला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्या है C40 Cities?
C40 Cities दुनिया के करीब 100 प्रमुख शहरों का एक वैश्विक नेटवर्क है। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए विज्ञान आधारित और जनहितकारी नीतियों को बढ़ावा देना है। इस नेटवर्क के जरिए शहरों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक और दूसरे देशों के शहरों के अनुभवों का लाभ मिलता है। इसके माध्यम से U20 और G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी शहर अपनी प्राथमिकताएं और समस्याएं रख सकते हैं।
अनुभवी पत्रकार और लेखक


