सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

महाराष्ट्र में माफियाओं के खुलेआम धमकाने पर हर्षवर्धन सपकाल का भाजपा पर तीखा हमला

वैजापुर के रोहित पठारे हत्याकांड की पुलिस जांच पर उठाए सवाल, कल पीड़ित परिवार से मिलेंगे : महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल मुंबई / संवाददाता

Akbar KhanMaharashtra Samachar
4 मिनट पढ़ें

मुंबई, : महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और माफियाओं की बढ़ती दहशत को लेकर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में माफिया खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और बॉलीवुड कलाकारों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस क्या पुणे में फुगड़ी खेल रहे हैं?

तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में सपकाल ने कहा कि बॉलीवुड के अभिनेता, निर्माता और निर्देशकों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के बाद अब अमिताभ बच्चन को भी निशाना बनाया जा रहा है। हमले के डर से अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ कांच के पीछे से प्रशंसकों से मुलाकात कर रहे हैं। यह राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात की जेल से ही माफिया गिरोहों का नेटवर्क संचालित हो रहा है। नोटबंदी के समय सरकार ने दावा किया था कि इससे आतंकवाद और अपराध पर लगाम लगेगी, लेकिन आज आतंकवाद और गुंडागर्दी पहले से अधिक बढ़ गई है। सपकाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बॉलीवुड कलाकार बेखौफ घूमते थे, लेकिन आज डर का माहौल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा हालात में लोग कह रहे हैं, 'कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन।'

परिसीमन विधेयक का कांग्रेस और इंडिया गठबंधन करेगा विरोध

परिसीमन विधेयक को लेकर सपकाल ने कहा कि इसके जरिए लोकसभा में सांसदों की संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। यदि जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ानी है तो केवल सांसदों की संख्या ही क्यों बढ़ाई जा रही है? स्थानीय स्वराज संस्थाओं यानी नगरपालिकाओं, महानगरपालिकाओं और पंचायतों में भी प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इस विधेयक का शुरू से विरोध कर रहे हैं। हालांकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने विधेयक के समर्थन में रुख अपनाया है, लेकिन इससे इंडिया गठबंधन का विरोध प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी इस संबंध में आवश्यक कदम उठाएगी।

एपस्टीन फाइल और पेगासस से भारत की छवि खराब हुई: सपकाल

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की छवि खराब करने के आरोप का जवाब देते हुए सपकाल ने कहा कि राहुल गांधी के कारण भारत की बदनामी नहीं हो रही है, बल्कि मोदी सरकार के एक मंत्री का नाम एपस्टीन फाइल में आने और पेगासस स्पाइवेयर के जरिए विपक्षी नेताओं तथा न्यायाधीशों की कथित जासूसी के कारण देश की छवि प्रभावित हुई है।

उन्होंने संसद में विपक्षी नेताओं के माइक बंद किए जाने, महंगाई, बेरोजगारी और हंगर इंडेक्स जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।

सपकाल ने कहा कि राहुल गांधी समाज के हर वर्ग से संवाद करते हैं। वे हमालों, मैकेनिकों, किसानों, विद्यार्थियों और पीड़ित लोगों से मिलते हैं। उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 4,500 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा निकालकर आम जनता से सीधा संवाद किया। अब अमित शाह को भी सुरक्षा का दायरा छोड़कर जनता के बीच जाना चाहिए।

रोहित पठारे हत्याकांड की जांच पर सवाल, कल परिवार से मिलेंगे सपकाल

छत्रपति संभाजीनगर जिले के वैजापुर में युवक रोहित पठारे की हत्या को सपकाल ने बेहद गंभीर और आक्रोशजनक घटना बताया। उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान परेड परिवार के सामने नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, मृतक के परिवार को भी धमकियां मिलने की बात सामने आई है।

सपकाल ने कहा कि राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। ऐसे में देवेंद्र फडणवीस को गृहमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल कल रोहित पठारे के परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएंगे।

महाराष्ट्र NSUI ने शुरू किया 'शिक्षा बचाओ, पर्यावरण बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान

पत्रकार वार्ता के दौरान महाराष्ट्र NSUI की ओर से 'शिक्षा बचाओ, पर्यावरण बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान की शुरुआत भी की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस अभियान का शुभारंभ किया।

इस अभियान के तहत राज्यभर में पेड़ों के संरक्षण, पर्यावरण बचाने और शिक्षा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। विधानसभा अधिवेशन के दौरान इस मुद्दे पर एक विशाल मोर्चा निकालने की भी घोषणा की गई।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी, पूर्व विधायक वजाहत मिर्जा, राहुल बोंद्रे और महाराष्ट्र NSUI के प्रदेश अध्यक्ष सागर सालुंखे सहित कई नेता उपस्थित थे।

विषयMumbai

अन्य भाषा में: मराठी

साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक