मुंबई को अवैध बैनर-पोस्टर से मुक्त कराने मैदान में उतरीं महापौर ऋतु तावड़े
सायन फ्लाईओवर पर खुद हटवाए होर्डिंग राजनीतिक दलों और कारोबारियों के अनधिकृत बैनरों पर चला कार्रवाई का डंडा, पूरे शहर में अभियान तेज करने के निर्देश; लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त चेतावनी मुंबई / अकबर खान
मुंबई,: अनधिकृत बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स से मुक्त कराने के लिए महापौर ऋतु राजेश तावड़े ने मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार शाम सायन स्थित नए रेलवे फ्लाईओवर पर अनधिकृत बैनर और विज्ञापन बोर्ड देखकर महापौर ने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर कार्रवाई शुरू करवा दी। खास बात यह रही कि जब तक पूरे फ्लाईओवर और आसपास के परिसर से अवैध बैनर नहीं हटाए गए, तब तक महापौर खुद मौके पर मौजूद रहीं।
दरअसल, दौरे से लौटते समय महापौर की नजर सायन रेलवे फ्लाईओवर पर लगे विभिन्न राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और व्यावसायिक विज्ञापन फलक पर पड़ी। इन अनधिकृत बैनरों के कारण ट्रैफिक सिग्नल और दिशादर्शक संकेतक ढक रहे थे, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर बुलाया और सभी अवैध बैनर हटाने के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में किसी भी राजनीतिक दल या व्यावसायिक प्रतिष्ठान के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। फ्लाईओवर की रेलिंग और आसपास लगाए गए सभी अनधिकृत बैनर और विज्ञापन बोर्ड हटाए गए। इस दौरान महानगरपालिका के लाइसेंसिंग, रखरखाव और अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
ऋतु तावड़े ने चेतावनी दी कि नवनिर्मित सार्वजनिक सुविधाओं और फ्लाईओवर का विद्रूपीकरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि सायन तक सीमित न रहकर पूरी मुंबई में अनधिकृत बैनर, पोस्टर और विज्ञापन बोर्ड हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए।
महापौर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संबंधित अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतते पाए गए, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर की इस सक्रियता से मुंबई को अनधिकृत बैनर और पोस्टर से मुक्त बनाने की मुहिम को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें, ताकि मुंबई की सार्वजनिक संपत्तियों की सुंदरता बनी रहे और यातायात व्यवस्था भी बाधित न हो।
अन्य भाषा में: मराठी
अनुभवी पत्रकार और लेखक


