सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

मुंबई में डंपर और डेब्रिज ट्रक मालिकों का आंदोलन तेज, 16 नवंबर को BMC मुख्यालय के घेराव की चेतावनी

₹1.25 लाख तक के जुर्माने पर तत्काल रोक लगाने और SOP में संशोधन की मांग पिछले 10 दिनों से मुंबई में डंपर और डेब्रिज ट्रकों का कामकाज बंद। मुंबई / अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
2 मिनट पढ़ें

मुंबई: मुंबई में डंपर और डेब्रिज ट्रक मालिकों एवं चालकों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। मेगा सिटी डेब्रिज ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन ने BMC प्रशासन द्वारा लागू किए गए SOP (C&D) नियमों और वाहनों पर लगाए जा रहे भारी जुर्माने के खिलाफ मोर्चा की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 16 नवंबर 2026 को मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।

एसोसिएशन के अनुसार, 4 नवंबर 2026 से मुंबई के सभी डंपर और डेब्रिज ट्रकों का कामकाज बंद है। पिछले 10 दिनों से वाहन सड़कों पर खड़े हैं, जिसके कारण वाहन मालिकों, चालकों और उनसे जुड़े परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

एसोसिएशन का आरोप है कि काम बंद होने के बावजूद यदि कोई वाहन किसी आवश्यक या अपरिहार्य कारण से सड़क पर निकलता है, तो BMC के अधिकारियों द्वारा उस पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। वहीं, लागू SOP के तहत एक वाहन पर कुल 1,25,000 रुपये तक का जुर्माना लगाए जाने की आशंका से वाहन मालिकों और चालकों में भारी नाराजगी है।

SOP में संशोधन की मांग

मेगा सिटी डेब्रिज ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन ने SOP/DMC/1658, दिनांक 11/08/2026 में तत्काल आवश्यक संशोधन करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि जब तक नियमों में व्यावहारिक बदलाव नहीं किए जाते और सभी संबंधित पक्षों की सहमति से कोई समाधान नहीं निकलता, तब तक डंपर और डेब्रिज ट्रकों पर लगाए जा रहे भारी जुर्माने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

एसोसिएशन ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि वाहन मालिकों और चालकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना जाए और नियमों को लागू करने से पहले उन्हें स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं पर्याप्त समय दिया जाए।

16 नवंबर को BMC मुख्यालय के घेराव की चेतावनी

एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 16 नवंबर 2026 को मुंबई के सभी डंपर मालिक और चालक अपने वाहनों के साथ BMC मुख्यालय पहुंचकर घेराव आंदोलन करेंगे।

एसोसिएशन का कहना है कि उनका उद्देश्य प्रशासन से टकराव करना नहीं, बल्कि वाहन मालिकों और चालकों की रोजी-रोटी को बचाना तथा SOP के नियमों में न्यायसंगत और व्यावहारिक बदलाव करवाना है।

अब देखना यह होगा कि BMC प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और 16 नवंबर से पहले डंपर एवं डेब्रिज ट्रक व्यवसाय से जुड़े हजारों लोगों को कोई राहत मिलती है या नहीं।

विषयMumbai
साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक