सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

मुंबई में रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर 25 नवंबर तक प्रतिबंध, बीएमसी का आदेश जारी

मुंबई / अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
2 मिनट पढ़ें

मुंबई : मुंबई में पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ा फैसला लिया है। मुंबई में रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले इसी तरह के पटाखों के इस्तेमाल पर 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बृहन्मुंबई की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।

बीएमसी के अनुसार, पिछले दो दिनों में मुंबई शहर और उपनगरों में पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखे आसपास की इमारतों की छतों, बालकनी, खिड़कियों और ज्वलनशील सामान पर गिरने से आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

मुंबई की घनी आबादी, ऊंची इमारतों, झोपड़पट्टी क्षेत्रों और संकरी सड़कों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह प्रतिबंध लगाया गया है।

इन जगहों पर भी लागू रहेगा प्रतिबंध

बीएमसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध रिहायशी इमारतों, टेरेस, छतों, बालकनी, आंगन, पार्किंग स्थलों, झोपड़पट्टी क्षेत्रों और अन्य सभी परिसरों में लागू रहेगा।

यह आदेश 9 नवंबर 2026 से 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस और बीएमसी अधिकारियों को दिए निर्देश

प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित परिमंडल के पुलिस उपायुक्तों, बीएमसी के सभी वार्डों के सहायक आयुक्तों और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की विभिन्न धाराओं के तहत शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष द्वारा जारी किया गया है।

बीएमसी की नागरिकों से अपील

बीएमसी प्रशासन ने मुंबईकरों से अपील की है कि वे जारी आदेश का सख्ती से पालन करें। अपनी और दूसरों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा प्रतिबंधित रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों का इस्तेमाल न करें।

विषयMumbai

अन्य भाषा में: मराठी

साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक