सामग्री पर जाएँ
Maharashtra Samachar
Hindi

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की संस्थागत हत्या के मामले में डेढ़ महीने बाद भी कार्रवाई नहीं, जांच के नाम पर हो रही है देरी* – कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़

मुंबई कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडलने साहिल के माता-पिता के साथ पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से की मुलाकात।कर मिर्जा का वीडियो दोबारा प्रसारित कर उनसे बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगे बीएमसी : वर्षा गायकवाड़ मुंबई / अकबर खान

Akbar KhanMaharashtra Samachar
3 मिनट पढ़ें

मुंबई : IIT बॉम्बे में पढ़ने वाले पिछड़े वर्ग के छात्र साहिल वाकोडे की कथित संस्थागत हत्या के मामले में FIR दर्ज होने के बावजूद संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। घटना को डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उल्टा साहिल वाकोडे की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। यह आरोप मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने लगाया है।

इस मामले में दोषी प्रोफेसरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को दोहराते हुए मुंबई कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद वर्षा गायकवाड़ और साहिल वाकोडे के माता-पिता के साथ महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से मुलाकात की।

इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक अमीन पटेल, विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, समूह नेता अशरफ आजमी, प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस, सुभाष भालेराव और जयवंत लोखंडे सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

IIT बॉम्बे में 13 विद्यार्थियों की मौत पर उठाए सवाल

मुलाकात के बाद सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि एक तरफ प्रशासन इस मामले की जांच जारी होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी तरफ मामले से जुड़े CCTV फुटेज सार्वजनिक करके साहिल वाकोडे की बदनामी की जा रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जिन प्रोफेसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वे अब तक खुलेआम कैसे घूम रहे हैं? प्रशासन केवल जांच जारी होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

वर्षा गायकवाड़ ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में IIT बॉम्बे में 13 विद्यार्थियों ने अपनी जीवनलीला समाप्त की है। आखिर इस प्रतिष्ठित संस्थान में ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? क्या समय पर सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं? इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान देंगे। साथ ही IIT बॉम्बे (पवई) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन और मुंबई पुलिस आयुक्त से चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि खुफिया विभाग के माध्यम से इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी।

दिया मिर्जा का वीडियो दोबारा प्रसारित करने की मांग

सांसद वर्षा गायकवाड़ ने अभिनेत्री दिया मिर्जा के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े वीडियो को हटाए जाने पर भी बीजेपी और मुंबई महानगरपालिका प्रशासन की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि अभिनेत्री दिया मिर्जा ने मुंबई के नागरिकों के लिए प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का एक सुंदर और सकारात्मक संदेश देने वाला वीडियो बनाया था। लेकिन अन्य सेलिब्रिटीज के वीडियो महानगरपालिका के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहने के बावजूद केवल दिया मिर्जा का वीडियो बीजेपी के दबाव में हटाया गया। यह भेदभावपूर्ण और निंदनीय है।

धर्म के आधार पर भेदभाव बर्दाश्त नहीं होगा

वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि धर्म चाहे कोई भी हो, संविधान के अनुसार प्रत्येक नागरिक के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। मुंबई महानगरपालिका सभी मुंबईकरों की संस्था है और यहां धर्म के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महानगरपालिका आयुक्त एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं और उन्होंने भारतीय संविधान के पालन की शपथ ली है। इसलिए समानता और धर्मनिरपेक्षता के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने मांग की कि इस भेदभावपूर्ण कार्रवाई की जिम्मेदारी तय की जाए और संबंधित आयुक्त को तत्काल पद से हटाया जाए।

दिया मिर्जा से सार्वजनिक माफी मांगे बीएमसी

सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुंबई महानगरपालिका से मांग की कि अभिनेत्री दिया मिर्जा का वीडियो तत्काल दोबारा प्रसारित किया जाए और उनसे बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म के नाम पर समाज में नफरत और विभाजन पैदा करने की राजनीति मुंबई में कभी सफल नहीं होगी।

मुंबई की असली पहचान उसकी विविधता, आपसी भाईचारे, सर्वधर्म समभाव और समावेशी संस्कृति है। कांग्रेस पार्टी दिया मिर्जा के साथ मजबूती से खड़ी है।

वर्षा गायकवाड़ ने अंत में कहा कि मुंबई सभी की है और सभी की ही रहेगी। शहर में संकीर्ण सोच और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

विषयMumbai

अन्य भाषा में: मराठी

साझा करें:

Akbar Khan

अनुभवी पत्रकार और लेखक