घाटकोपर की 21 मंजिला इमारत में लगी
महापौर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का लिया जायजा मुंबई / अकबर खान
मुंबई |
घाटकोपर (पूर्व) स्थित वल्लभ बाग इलाके में शुक्रवार रात 21 मंजिला रिहायशी इमारत 'रॉयल अल्टेजा' (Royal Altezza) की 20वीं मंजिल पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग ने आग को लेवल-2 घोषित किया। हालांकि, दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई की महापौर श्रीमती ऋतु तावड़े तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों की जानकारी ली।
मौके पर स्थानीय विधायक पराग शाह, नगरसेवक सुरेश आवळे और नगरसेवक धर्मेश गिरी भी मौजूद रहे।
मुंबई अग्निशमन दल के अनुसार आग फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है। मुंबई अग्निशमन दल, मुंबई पुलिस, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और बीएमसी के स्थानीय वार्ड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
इमारत में कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है, इसका पता लगाने के लिए दमकल विभाग की ओर से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अन्य भाषा में: मराठी
अनुभवी पत्रकार और लेखक


